गढ़वाल में कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में पहल, 13 नए मोबाइल टावरों को मंजूरी
पौड़ी गढ़वाल, 05 सितंबर (हि.स.)। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के दुर्गम एवं सीमांत इलाकों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। क्षेत्र में 13 नए मोबाइल टावरों की स्वीकृति मिलने पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
सांसद बलूनी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि गढ़वाल का अधिकांश भू-भाग पर्वतीय और दुर्गम है। भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई क्षेत्रों में आज भी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही विद्यार्थियों, व्यापारियों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और टिहरी गढ़वाल के 92 स्थानों पर नए मोबाइल टावर स्थापित करने का आग्रह भी केंद्रीय संचार मंत्री से किया। सांसद के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सांसद बलूनी ने कहा कि गढ़वाल में संचार सुविधाओं का विस्तार पहाड़ के विकास के लिए बेहद जरूरी है। गढ़वाल के दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी और जनसुविधाएं पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

