सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आगाज, 11 विधानसभा क्षेत्रों की खेल प्रतिभाएं दिखाएंगी दमखम
पौड़ी गढ़वाल, 25 सितंबर (हि.स.)। खेल महाकुंभ-2026 के तहत शुक्रवार को रांसी स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का रंगारंग आगाज हुआ। गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की 11 विधानसभा सीटों से पहुंचे 3,964 बालक-बालिका खिलाड़ियों के जोश से स्टेडियम खेलमय नजर आया। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर खेल महाकुंभ का ध्वजारोहण और सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का अनावरण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी और सांसद ने उन्हें खेल भावना, ईमानदारी व अनुशासन की शपथ दिलाई। 25 सितंबर से छह अक्तूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के खिलाड़ी फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंभ, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्ठू, कबड्डी, वॉलीबॉल, मुर्गा झपट, गोली और रस्साकशी में दमखम दिखाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए चयनित होंगे। शुभारंभ पर सांसद ने नरेन्द्रनगर और लैंसडाउन की अंडर-19 फुटबॉल टीमों के मुकाबले का किक मारकर शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय लेकर उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में चमोली के मजेठा गांव की युवा एथलीट मानसी नेगी को खेल प्रतिभा सम्मान ट्रॉफी दी गई। मानसी ने गुवाहाटी में राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 10 हजार मीटर रेस वॉक में 47 मिनट 30.94 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया था। सांसद ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच देते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

