आयोग के मैनुअल और निर्देशों के अनुरूप निभाएं दायित्वः डीएम

WhatsApp Channel Join Now
आयोग के मैनुअल और निर्देशों के अनुरूप निभाएं दायित्वः डीएम


नई टिहरी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा को लेकर डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में निर्वाचन कार्यों के लिए नामित रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ), सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) सहित नोडल, सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें निर्वाचन संबंधी तैयारियों, कार्मिकों की उपलब्धता, मतदान केंद्रों की स्थिति और मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा की गई।

वीरवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम नितिका ने अधिकारियों को निर्वाचन की कार्य योजना तैयार कर निर्धारित सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के निर्धारित मैनुअल और दिशा-निर्देशों के अनुरूप दायित्वों का निर्वहन करें।

नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी निर्गत जिम्मेदारी को निभाएं। जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए। बैठक में निर्वाचन कार्यों के लिए कार्मिकों की तैनाती और स्थानांतरण से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। डीएम ने जिन विभागों ने अभी तक निर्वाचन कार्यों के लिए कार्मिकों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, उन्हें तत्काल सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पूर्व में भेजी गई सूची में शामिल जिन कार्मिकों का स्थानांतरण हो चुका है, उनके स्थान पर तैनात नए कार्मिकों के नाम सहित संशोधित सूची भी उपलब्ध कराने को कहा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल पोलिंग बूथ बनाया जाए। प्रत्येक निकाय में एक-एक महिला बूथ बनाने की व्यवस्था करने को कहा।

मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा जिन केंद्रों पर मरम्मत अथवा अन्य सुधार कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें समय से करा दें। मतदाता जागरूकता को लेकर डीएम ने व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया। इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, आशीष घिल्डियाल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story