आजादी के रंग में रंगा पौड़ी, तिरंगे की शान से गूंजा जनपद

WhatsApp Channel Join Now
आजादी के रंग में रंगा पौड़ी, तिरंगे की शान से गूंजा जनपद


पौड़ी गढ़वाल, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पूरा पौड़ी जनपद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांव तक तिरंगे की आन, बान और शान के बीच भारत माता के जयघोष गूंजते रहे। जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ वातावरण राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने पूरे शहर में आजादी के पर्व का जोश भर दिया।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई।

आजादी उत्सव नहीं, जिम्मेदारी का संकल्प भी’

प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद कर राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी दोहराने का दिन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड मजबूती से अपनी भूमिका निभा रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पौड़ी वीर सैनिकों की धरती है। यहां की मिट्टी ने देश को ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उत्तराखंड के कण-कण में बसी राष्ट्रभक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से नशे से दूर रहने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए गांवों को मजबूत बनाने तथा प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए सभी को मिलकर सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story