कडाकोट में होगा तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन
पौड़ी गढ़वाल, 01 जून (हि.स.)। कड़ाकोट गांव में एक बार फिर आस्था, परंपरा और विकास का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्री कालभैरव कड़ाकोट समाज उत्थान समिति द्वारा 12 से 14 जून तक चतुर्थ देव-पूजन एवं दिशा ध्यानी मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष मनमोहन जुयाल व सचिव प्रकाश जुयाल ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी एक सशक्त मंच बनेगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में प्रवासी व स्थानीय ग्रामीणों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे गांव में उत्सव जैसा माहौल बनेगा।बताया कि इस दौरान क्षेत्र के तीनों प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, यज्ञ, भजन-कीर्तन और पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही प्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक संध्या, बाल प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां और ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकनृत्य पूरे माहौल को जीवंत बना देंगे। बताया कि कार्यक्रम के तहत 14 जून को भक्ति सुधा संकीर्तन प्रतियोगिता, प्रतिभाशाली छात्रों का सम्मान समारोह व दिशा ध्यानी परिचय एवं सम्मान कार्यक्रम किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

