गजा में निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण का समापन

WhatsApp Channel Join Now
गजा में निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण का समापन


नई टिहरी, 15 सितंबर (हि.स.)। नगर पंचायत गजा के सभागार में छह माह के निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण का समापन हो गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरण किए गए। मंगलवार को मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि कौशल विकास से ही वर्तमान दौर में नौकरी और स्वरोजगार मिल सकता है। जिसके लिए केंद्र और राज्य सरकार भी प्रयासरत है।

बता दें कि उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम के वित्तीय सहयोग और हितायु लोक कल्याण समिति नागणी की पहल पर यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। अध्यक्ष चौहान ने कहा कि वर्तमान दौर आईटी और एआई का है। इस क्षेत्र में काम की काफी संभावनाएं हैं।

मेहनत करने वालों के लिए हर क्षेत्र में अवसर हैं। हितायु लोक कल्याण समिति के सचिव दिवाकर पैन्यूली ने कंप्यूटर प्रशिक्षण की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। कोर्स प्रशिक्षक शिव प्रकाश पंत ने बताया कि प्रशिक्षण में बेसिक कंप्यूटर के साथ हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग, एमएस ऑफिस के तहत वर्ड, एक्सेल और पावर प्वाइंट सहित इंटरनेट की जानकारी दी गई। इस मौके पर डीपी उनियाल, दिनेश सिंह चौहान, महेश खाती, बलवंत सिंह चौहान, सविता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story