जीबी पंत पुस्तकालय में निःशुल्क पुस्तक वितरण, विद्यार्थियों को मिली अध्ययन सामग्री
नैनीताल, 05 मई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित जीबी पंत पुस्तकालय में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी द्वारा मंगलवार को निःशुल्क पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों की पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी परीक्षा तैयारी को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर जीबी पंत पुस्तकालय के प्रभारी पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. युगल जोशी तथा अवैतनिक पुस्तकालयाध्यक्ष प्रो. नीलू लोधियाल सहित प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को पुस्तकों के महत्व और स्व-अध्ययन के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपति प्रो. नवीन चंद लोहनी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक रेखा बिष्ट, मधु डोगरा, अजय आर्या, प्रशासनिक अधिकारी रीता लोहनी, मुन्नी जोशी, मीनू साह, विनोद वैद्य, हिमांशु, हितेश एवं नवीन पाठक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं परिसर के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

