राष्ट्रीय खेलों के लिए ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की चार छात्राओं का चयन

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय खेलों के लिए ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की चार छात्राओं का चयन


नैनीताल, 18 अगस्त (हि.स.)। नगर के ऑल सेंट्स कॉलेज की चार प्रतिभावान छात्राओं का उनकी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन हुआ है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ पूरे नैनीताल में हर्ष का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय की जैना रहमान और नंदानी बिष्ट का चयन उत्तराखंड क्षेत्र की ओर से विद्यालयी राष्ट्रीय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसका आयोजन सेंट जोसेफ स्कूल ग्रेटर नोएडा में होगा। वहीं नंदानी बेलवाल और नव्या सिंह का चयन 18 से 23 अगस्त तक भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली 52वीं जूनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड टीम में किया गया है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रिचर्ड, खेल विभागाध्यक्ष गोपाल बिष्ट तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने चारों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और कहा है कि उनकी सफलता पूरे नगर के लिये गौरव का विषय है। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से प्राप्त हुई यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story