पौड़ी में तीन दिवसीय शरदोत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ, रूट मार्च और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में तीन दिवसीय शरदोत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ, रूट मार्च और आकर्षक झांकियों ने मोहा मन


पौड़ी गढ़वाल, 16 नवंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय पौड़ी में सोमवार को तीन दिवसीय शरदोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने रूट मार्च की सलामी लेने के बाद महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। महोत्सव के पहले दिन शहर की सड़कों पर लोक संस्कृति और परंपराओं के विविध रंग देखने को मिले। आकर्षक झांकियों, पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्कूली बच्चों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।

झांकियों के स्वागत के लिए जगह-जगह स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। महोत्सव के आगाज के साथ ही पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

शरदोत्सव के उद्घाटन अवसर पर एजेंसी चौक से रूट मार्च और झांकियों का आयोजन किया गया। रूट मार्च बस स्टेशन होते हुए धारा रोड तक निकाला गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों को आकर्षित किया। इस दौरान स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह नजर आया।

मुख्य अतिथि तीरथ सिंह रावत ने कहा कि शरदोत्सव स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का मंच भी उपलब्ध होता है।

इस मौके पर विधायक राजकुमार पोरी, नगरपालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, सभासद अरविंद रावत, संगीता रावत, रेखा चौहान, गौरव सागर, सूरज बिष्ट, युद्धवीर सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story