बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने की समीक्षा


पौड़ी गढ़वाल, 04 नवंबर (हि.स.)। 23 नवंबर से श्रीनगर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को नगर निगम सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

कैबिनेट मंत्री ने पुलिस विभाग को मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, विद्युत विभाग को मेला स्थल और बाजार क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने व जल संस्थान को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को मेला स्थल, बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करने को कहा।

साथ ही उन्होंने सभी संबंधित विभागों को मेले में अपने-अपने विभागीय स्टॉल स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इनके माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

कैबिनेट मंत्री ने खड़े दीये जलाने के दिन संबंधित स्थल पर अलाव की व्यवस्था करने और वहां एक अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मंदिर की पुताई समय से पूरी कराने तथा भंडारे की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्नान स्थल पर आवश्यक सुधारीकरण कार्य कराने और फिसलन रोकने के लिए उचित इंतजाम करने को कहा, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित रूप से स्नान कर सकें।

कैबिनेट मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं एवं स्वास्थ्य टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन में किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं की कमी न रहे और सभी विभाग अपनी तैयारियों की नियमित समीक्षा करें।

बैठक में नगर निगम की महापौर आरती भंडारी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, क्षेत्राधिकारी पुलिस तपेश कुमार, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story