अग्नि सुरक्षा की पाठशाला में सिखाए सुरक्षा के गुर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ बनाए रखने व संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से जनपद में फायर सर्विस टीमों द्वारा नियमित रूप से फायर ऑडिट एवं जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

आज फायर टीम पौड़ी द्वारा माउण्ट कार्मल स्कूल पाबौं व सेंट जैम्स स्कूल पौड़ी और फायर यूनिट श्रीनगर द्वारा गुरुराम राय पब्लिक स्कूल श्रीनगर में विस्तृत फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में अग्निशमन यंत्रों, फायर सेफ्टी उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य अग्नि सुरक्षा मानकों का परीक्षण करने के साथ ही आवश्यक सुधारात्मक बिंदु चिन्हित किए गए, जिनके संबंध में विद्यालय प्रबंधन को निर्देश देते हुए कमियों को शीघ्र दूर करने को कहा गया।

स्कूल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील स्थिति में रखने व उनकी समय-समय पर सर्विसिंग एवं रखरखाव कराये जाने के भी निर्देश दिए गए। फायर सर्विस टीम द्वारा स्कूल के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को अग्नि दुर्घटना की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया, आपदा के समय घबराने के बजाय संयम बनाए रखने व प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story