उत्तराखंड में कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : मनवीर चौहान

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : मनवीर चौहान


देहरादून, 15 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में कानून का राज है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सहसपुर क्षेत्र के वैरागीवाला में हुई घटना के आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुएकहा कि वैरागीवाला में हुई दुखद घटना के बाद पुलिस ने संयमित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए किसी भी संभावित उपद्रव की साजिश को विफल किया है। उन्होंने बताया कि मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्वों द्वारा क्षेत्र का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने लगातार कार्यकर्ताओं से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की, घायलों को अस्पताल पहुंचाया और आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की। मनवीर चौहान ने कहा कि इस घटना में भाजपा का एक कार्यकर्ता मारा गया है और पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सामने आ रहे हैं, जिससे घटना की परिस्थितियां और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वालों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और आपराधिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलती जनसांख्यिकीय स्थिति (डेमोग्राफी) को लेकर सरकार सतर्क है और इस दिशा में विभिन्न स्तरों पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वैरागीवाला प्रकरण के आरोपितों को कड़ी सजा मिलेगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story