एरीज में 3.6 मीटर दूरबीन से ब्रह्मांड की खोज पर पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू
नैनीताल, 17 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल के एरीज यानी आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान के मनोरा पीक और देवस्थल स्थित परिसरों में ‘3.6 मीटर डीओटी के साथ ब्रह्मांड की खोज: प्रेक्षण से वैज्ञानिक परिणाम तक’ विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला आयोजित हो रही है। इसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों से लगभग 45 युवा खगोलविद प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि एरीज में स्थापित 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (डीओटी-डॉट) भारत की सबसे बड़ी प्रकाशीय दूरबीन है। राष्ट्रीय सुविधा के रूप में संचालित यह दूरबीन प्रकाशीय एवं निकट-अवरक्त तरंगदैर्ध्य में इमेजिंग और स्पेक्ट्रोस्कोपी संबंधी प्रेक्षणों के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है। इस दूरबीन ने अपनी स्थापना के बाद सफल वैज्ञानिक प्रेक्षणों के दस वर्ष भी पूरे कर लिये हैं।
साथ ही बताया गया कि कार्यशाला का उद्देश्य युवा खगोलविदों और शोधार्थियों को 3.6 मीटर दूरबीन की क्षमताओं तथा इसके वैज्ञानिक उपयोगों से परिचित कराना है। इसके तहत प्रेक्षण प्रस्ताव तैयार करने और प्रस्तुत करने से लेकर दूरबीन के माध्यम से प्रेक्षण करने, प्राप्त आंकड़ों के प्रसंस्करण एवं विश्लेषण तथा महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अनुसंधान की संभावनाओं को पहचानने तक की जानकारी दी जा रही है।
एरीज के वैज्ञानिक एवं शोधार्थी व्याख्यानों और आंकड़ों के विश्लेषण से जुड़े व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। कार्यशाला का उद्घाटन एरीज के अधिष्ठाता एवं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश कुमार ने किया। उन्होंने दूरबीन की क्षमताओं और खगोलीय अनुसंधान में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. सौरभ शर्मा हैं, जो 3.6 मीटर दूरबीन के प्रभारी खगोलविद भी हैं। कार्यशाला को भारतीय खगोलविदों की नई पीढ़ी को अत्याधुनिक खगोलीय अनुसंधान के लिए प्रशिक्षित करने, शोध क्षमताओं के विकास और 3.6 मीटर दूरबीन के वैज्ञानिक उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एरीज की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

