पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का प्रथम चरण संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का प्रथम चरण संपन्न


नैनीताल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल के वीरभट्टी स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के प्रथम चरण में विभिन्न शैक्षणिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्या भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र रहे और अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने की।

समारोह में हिंदी एवं अंग्रेजी सुलेख, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, वैदिक गणित, स्वरचित काव्य पाठ और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में सदनवार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किये गये। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कक्षा सात के अनिरुद्ध प्रताप सिंह, कक्षा 11 के आर्यभट्ट और कक्षा नौ के अनिरुद्ध सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैदिक गणित में शिवांश एवं आयुष सिंह प्रथम रहे।

अंग्रेजी भाषण के बाल, माध्यमिक एवं उच्च वर्गों में क्रमशः गौरांश, अथर्व और हर्षित उपाध्याय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हिंदी भाषण में प्रिंस राज, वरेण्यम और शिवा ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। स्वरचित कविता प्रतियोगिता में वंश चौधरी, ऋद्धिमन अग्रवाल और सुधांशु कुमार शाह अपने-अपने वर्गों में प्रथम रहे।

मुख्य अतिथि यतीन्द्र ने कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनमें अनुशासन, परिश्रम तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पुरस्कार प्राप्त करने के साथ ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि विद्यालय में अरविंद, सागर, सुभाष, शिवाजी, तिलक और विवेकानंद नाम से छह सदन हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न शारीरिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और रचनात्मकता का विकास करना भी है। कार्यक्रम का संचालन अतुल पाठक ने किया। समारोह में विद्यालय के आचार्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विद्यालय में अवकाश नहीं होने पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने जताया विरोध

महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस पर नगर के सनवाल स्कूल में अवकाश नहीं किये जाने के संबंध में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के नैनीताल मंडल अध्यक्ष हेमंत बेदी ने विद्यालय प्रशासन के प्रति विरोध जताया है। उन्होंने प्रधानाचार्य को संबोधित पत्र में इस विषय को गंभीरता से लेने और अवकाश नहीं होने के कारणों को स्पष्ट करने की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के महान ऋषि तथा रामायण के रचयिता हैं। उनका जीवन और कृतित्व समाज को मर्यादा, कर्तव्य, धर्म और सद्भाव की प्रेरणा देता है। प्रकट दिवस पर श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठानों, शोभायात्राओं और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर विद्यालय में अवकाश नहीं होने से अनुयायियों और समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस दिन उत्तराखंड शासन से भी अवकाश घोषित है।

हेमंत बेदी ने विद्यालय प्रशासन से भविष्य में शासन द्वारा जारी अवकाश संबंधी आदेशों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यालय प्रशासन धार्मिक भावनाओं, महापुरुषों के सम्मान और सामाजिक सद्भाव को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story