सड़क दुर्घटना में भवाली में कार्यरत फायरमैन की मृत्यु

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 23 जून (हि.स.)। नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से भवाली अग्निशमन केंद्र में तैनात एक फायरमैन की ऊधमसिंहनगर स्थित अपने घर जाते हुए मृत्यु हो गयी। मृतक की अगले महीने शादी होनी थी। घटना से परिवार और अग्निशमन विभाग में शोक व्याप्त है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त के अनुसार सोमवार देर रात कालाढूंगी थाना क्षेत्र के चकुलवा के पास अज्ञात वाहन ने बुलेट मोटरसाइकिल सवार जगजीत सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। मूल रूप से ऊधम सिंह नगर के केलाखेड़ा (बजवाला) निवासी जगजीत सिंह भवाली अग्निशमन केंद्र में तैनात थे और ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने घर जा रहे थे।

बताया गया है कि उनके पिता का स्वास्थ्य खराब होने के कारण परिवार ने उन्हें घर बुलाया था। वर्ष 2007 में अग्निशमन सेवा में भर्ती हुए जगजीत सिंह दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। परिजनों के अनुसार उनकी सगाई हो चुकी थी और अगले महीने विवाह होना था, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story