नैनीताल डीएफओ कार्यालय में आग, दो कमरे जले
नैनीताल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल प्राणी उद्यान परिसर स्थित जिला वनाधिकारी (डीएफओ) कार्यालय में गुरुवार तड़के आग लगने से दो कमरे पूरी तरह जल गए। कमरों में रखी अकाउंट, भूमि हस्तांतरण व स्थापना सहित अन्य विभागीय फाइलें और दस्तावेज आग की चपेट में आ गए। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया बिजली आने के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग नौ बजे कार्यालय की सफाई करने पहुंचे कर्मचारी ने कमरों से धुआं उठता देखा और अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन केंद्र को सूचना दी गई। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि आग कार्यालय भवन के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंची, लेकिन दो कमरे पूरी तरह से आग में खाक हो गये।
बताया गया कि रात में वर्षा और तेज हवा के कारण कार्यालय बंद करते समय बिजली नहीं थी। तड़के बिजली आने के बाद शॉर्ट सर्किट से कागज या लकड़ी में आग लगने की आशंका है। डीएफओ आकाश गंगवार सहित अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि आग से जली फाइलों और दस्तावेजों की पूरी जानकारी आग बुझने और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने बताया कि जिन अभिलेखों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आ रही है, उनमें से संबंधित दस्तावेज नैनीताल और देहरादून स्थित वन विभाग के कार्यालयों में ऑनलाइन उपलब्ध हैं। आग के वास्तविक कारण का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

