जाह्नवी कपूर, रिया चक्रवर्ती, श्रीलीला और सिद्धार्थ गुप्ता की फिल्म की नैनीताल में शूटिंग

WhatsApp Channel Join Now
जाह्नवी कपूर, रिया चक्रवर्ती, श्रीलीला और सिद्धार्थ गुप्ता की फिल्म की नैनीताल में शूटिंग


नैनीताल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। सरोवर नगरी में इन दिनों अभिनेत्री जाह्नवी कपूर, रिया चक्रवर्ती, श्रीलीला और अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता की आगामी फिल्म की शूटिंग चल रही है। उत्तराखंड मूल के फिल्म निर्देशक उमेश बिष्ट की इस फिल्म का नाम ‘पीएन 36’ बताया जा रहा है, हालांकि इसके आधिकारिक नाम की पुष्टि नहीं हुई है।

फिल्म की शूटिंग नौकुचियाताल, स्विस होटल एंड स्पा, होटल नमः, बलरामपुर हाउस और द नैनी रिट्रीट सहित विभिन्न स्थानों पर की जा रही है। जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को नौकुचियाताल में जाह्नवी कपूर से जुड़े विवाह के दृश्य फिल्माये गये। इधर मंगलवार को द नैनी रिट्रीट में फिल्म के कुछ होटल के दृश्य फिल्माये गये, जबकि आगे बलरामपुर हाउस में 23 से 25 अक्टूबर के बीच जाह्नवी के रोका समारोह के दृश्य फिल्माने का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया गया है।

फिल्म को रोमांचक प्रेमकथा बताया जा रहा है। इसकी कहानी दो महिलाओं के एक ही पुरुष के प्रति आकर्षण और आसक्ति के इर्द-गिर्द घूमने की जानकारी सामने आई है। जाह्नवी कपूर और श्रीलीला प्रमुख भूमिकाओं में हैं, जबकि रिया चक्रवर्ती और सिद्धार्थ गुप्ता भी फिल्म का हिस्सा हैं।

उल्लेखनीय है कि शूटिंग के दौरान जाह्नवी कपूर ने पहले नवरात्र के दौरान उपवास कर नंगे पैर नैनीताल के मां नयना देवी मंदिर में दर्शन भी किये। वह मल्लीताल में रोपवे मार्ग के पास स्थित एक जिम में व्यायाम करने भी पहुंचीं। फिल्म के कलाकारों और निर्माण दल के सदस्यों के बलरामपुर हाउस और स्विस होटल में ठहरने की जानकारी है।

फिल्म से एकता कपूर और गुनीत मोंगा कपूर के भी जुड़े होने की बात कही जा रही है। स्थानीय कास्टिंग से जुड़े संतोख बिष्ट और चारु तिवारी फिल्म के लिए कलाकार उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय कलाकार यशपाल राणा सहित अन्य कलाकारों को भी इसमें भूमिकाएं मिलने की जानकारी है।

फिल्म की शूटिंग 24-25 अक्टूबर तक चलने की संभावना है। इसके आधिकारिक नाम और प्रदर्शन की तिथि की घोषणा अभी नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760782 Articles

Share this story