बाजपुर में नकली दवाओं की फैक्ट्री का भंडाफोड़

WhatsApp Channel Join Now
बाजपुर में नकली दवाओं की फैक्ट्री का भंडाफोड़


रुद्रपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड एसटीएफ और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने उधम सिंह नगर के बाजपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली एलोपैथिक दवाइयों के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। छापेमारी में लाखों की नकली जीवनरक्षक दवाइयां, पैकेजिंग मशीनें, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और आबकारी होलोग्राम बरामद किए गए हैं। इस मामले में मौके से बुलंदशहर निवासी धीरेन्द्र को गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आयुर्वेदिक और फूड लाइसेंस की आड़ लेकर नकली एलोपैथिक दवाइयों का निर्माण किया जा रहा था।

सटीएफ के अनुसार आरोपित स्टैडमेड, मैक्लियोड्स, इंटास और सन फार्मा जैसी नामी कंपनियों के नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली दवाइयां तैयार कर रहा था। फैक्ट्री से करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप की बोतलें बरामद हुईं। इनमें एंटीबायोटिक, एसिडिटी, दर्द, नसों की बीमारी, प्रोस्टेट, कैल्शियम और आयरन की कमी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां शामिल हैं।

छापेमारी में बड़ी मात्रा में नकली दवाइयों के अलावा इस्तेमाल होने वाली मशीनें भी जब्त की गई हैं। इस मामले में थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. अवैध शराब की बरामदगी के संबंध में उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में शामिल अन्य आरोपितों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story