पूर्व सैनिक कर्मचारी संगठन ने सैनिक कल्याण मंत्री को सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 17 अगस्त (हि.स.)। पूर्व सैनिक कर्मचारी संगठन ने प्र्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से सर्किट हाउस हल्द्वानी में भेंट कर छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सैनिक कल्याण विभाग के संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, सातवां वेतनमान, समान कार्य समान वेतन और ग्रेच्युटी भुगतान सहित विभिन्न मांगें उठायी हैं। मंत्री ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संगठन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रौतेला के नेतृत्व में दीप चंद्र बिष्ट, किशन रावत, नवीन तिवारी और अन्य पूर्व सैनिकों ने ज्ञापन सौंपते हुए वर्ष 2003 से कार्यरत 15 से 20 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण करने की मांग की है। साथ ही वर्ष 2016 से सातवां वेतनमान लागू करने, उपनल कर्मचारियों की तरह 10 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन का लाभ देने, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को तत्काल ग्रेच्युटी का भुगतान सुनिश्चित करने तथा विभाग में विभिन्न प्रकार की नियुक्तियों से उत्पन्न विसंगतियों को दूर करने की भी मांग भी उठायी है। संगठन के अनुसार मंत्री गणेश जोशी ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story