ईवीएम की जांच तेज, 40 प्रतिशत मशीनों की एलएफसी पूरी

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 28 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत हल्द्वानी स्थित निर्वाचन कार्यालय में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य तेजी से चल रहा है। 23 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रक्रिया में अब तक करीब 40 प्रतिशत मशीनों की जांच पूरी की जा चुकी है।

जांच के दौरान सही पाई जाने वाली मशीनों को अगले चुनाव के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है, जबकि खराब मशीनों को अलग किया जा रहा है। उप निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी नैनीताल विवेक राय ने बताया कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के इंजीनियरों की मौजूदगी में मशीनों की जांच की जा रही है।

यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने संपन्न कराई जा रही है, ताकि पूरी कार्यवाही पारदर्शी तरीके से हो सके। उन्होंने बताया कि जांच में जो मशीनें सही पाई जा रही हैं, उन पर एफएलसी ओके का निशान लगाकर सुरक्षित किया जा रहा है। वहीं, खराब मिलने वाली मशीनों पर नॉन-फंक्शनिंग का प्रमाणपत्र लगाकर उन्हें अलग रखा जा रहा है।

ऐसी मशीनों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार संबंधित निर्माता कंपनियों को वापस भेजा जाएगा।एडीएम विवेक राय के अनुसार, एफएलसी के दौरान प्रतिदिन लगभग 175 मशीनों के सेट की जांच की जा रही है। इन सेटों में बैलेट यूनिट , कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीनें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इंजीनियर तत्परता से कार्य कर रहे हैं और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी नियमित रूप से उपस्थित रहकर प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं। नगर आयुक्त के स्तर से भी पर्यवेक्षण किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एसडीएम और तहसीलदार सुबह वेयरहाउस की सील खुलवाते हैं और शाम को काम पूरा होने के बाद दोबारा सील लगवाई जाती है।

वेयरहाउस की चाबियां ट्रेजरी में सुरक्षित रखी जाती हैं। विवेक राय ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए एफएलसी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शेष मशीनों की जांच भी जल्द पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story