पाठ्य पुस्तकों की कमी से अध्ययन न हो प्रभावित : सीईओ

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 27 मार्च (हि.स.)। नैनीताल जनपद में विभिन्न कक्षाओं की पाठ्य पुस्तकों के वितरण की प्रक्रिया जारी है। एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित पुस्तकें खुले बाजार में उपलब्ध कराई जा रही हैं। नैनीताल के मुख्य शिक्षाधिकारी गोविन्द राम जायसवाल ने यह जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई निरंतर बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि पुस्तकों की अनुपलब्धता के कारण पठन-पाठन कार्य प्रभावित न हो।

उन्होंने जनपद के सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सरकारी, निजी तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित करें कि जब तक सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध नहीं हो जातीं या बाजार में पर्याप्त उपलब्धता नहीं हो जाती, तब तक विद्यालय स्तर पर पुस्तक बैंक के माध्यम से विद्यार्थियों को आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। मुख्य शिक्षाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न हो और पुस्तकों का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षण कार्य नियमित रूप से संचालित होता रहे।

सीबीएसई विद्यालयों में गणवेश की अनिवार्यता में शिथिलता, पुस्तक बैंक से पढ़ाई के निर्देश

नैनीताल। नैनीताल जनपद में मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने हल्द्वानी, रामनगर तथा भीमताल क्षेत्रों के सीबीएसई विद्यालयों में गणवेश और पुस्तकों को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि संज्ञान में आया है कि कई विद्यालयों में गणवेश एवं पुस्तक क्रय को तत्काल प्रभाव से अनिवार्य किया जा रहा है, जिससे अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को असुविधा हो रही है।

इस पर मुख्य शिक्षाधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों के माध्यम से सभी सीबीएसई विद्यालयों को निर्देशित किया है कि 20 अप्रैल 2026 तक गणवेश की अनिवार्यता में शिथिलता प्रदान की जाए। साथ ही जब तक पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता बाजार में सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक विद्यालय स्तर पर पुस्तक बैंक के माध्यम से पठन-पाठन कार्य संचालित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story