विश्व अभियंता दिवस पर टिहरी में इंजीनियरों ने किया 82 यूनिट रक्तदान
नई टिहरी, 15 सितंबर (हि.स.)। विश्व अभियंता दिवस पर उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ से जुड़े इंजीनियरों ने जिलेभर में रक्तदान शिविर आयोजित किया। इस दौरान कुल 82 यूनिट रक्त एकत्रित कर जीवन बचाने का संकल्प लिया। मंगलवार को नगर पालिका परिसर नई टिहरी में आयोजित कार्यक्रम में महासंघ ने भारत रत्न मोक्ष गंडम विश्वेश्वरैया के जयंती पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र रावत ने बताया कि इंजीनियरों ने जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती मरीजों को फल वितरण और एसओएस चिल्ड्रन विलेज (अनाथालय) में उपहार भेंट किए।
वहीं रक्तदान शिविर आयोजित कर नई टिहरी में कुल 62 यूनिट, नरेंद्रनगर में 15 यूनिट और कीर्तिनगर शाखा में 6 यूनिट रक्तदान किया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल, पेयजल निगम के प्रांतीय अध्यक्ष अजय बेलवाल ने रक्तदान शिविर के बाद अभियंताओं को प्रमाणपत्र बांटे।
इस मौके पर एसई पेयजल निगम वीके जैन, एसएस मखलोगा, जिला सचिव राजेंद्र सोढ़ी, शाखा अध्यक्ष जयप्रकाश भट्ट, सचिव आशीष मित्तल, प्रांतीय महासचिव लघु सिंचाई त्रयम्बक गैरेला, गोपाल सैनी, मोहन सिंह, स्वाति चौहान, उषा भंडारी, आशुतोष बिजल्वाण, नरेंद्र सिंह, विनय कुमार मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

