प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम


पौड़ी गढ़वाल, 12 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा जिले में एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, समर्पण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर रहेगा।

शनिवार को पौड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा और सेवा ज्योति यात्रा समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी होंगे। भाजपा ने कार्यक्रमों के संचालन के लिए जिला स्तर पर संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त कर जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की योजना है। इसके लिए संगठन स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

पत्रकार वार्ता में जिलामंत्री क्रांति किशोर नेगी, मंडल अध्यक्ष अगरोड़ा संतोष चंदोला और सोशल मीडिया संयोजक पौड़ी विधानसभा संजय वर्मा मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story