बागेश्वर में सरयू नदी के तेज बहाव में आठ वर्षीय बच्चा बहा

WhatsApp Channel Join Now
बागेश्वर में सरयू नदी के तेज बहाव में आठ वर्षीय बच्चा बहा


बागेश्वर, 20 जुलाई (हि.स.)। कपकोट में सोमवार को शिवालय मंदिर के पास सरयू नदी में लाहुर गांव का एक आठ वर्षीय बालक के बह जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बालक मां के साथ नदी से पानी भरने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सावन के पहले सोमवार के अवसर पर मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। यहां बच्चा मां कमला देवी के साथ नदी से पानी भर रहा था। इसी दौरान बच्चा नदी के किनारे पहुंचा और अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उफनाई धारा में वह आंखों से ओझल हो गया।

उन्होंने करीब 50 मीटर तक बहाव के साथ तलाश की, लेकिन तेज धारा के कारण बच्चे तक नहीं पहुंच सके। राकेश की मां कमला देवी ने बताया कि उनका बेटा कक्षा दो का छात्र था। परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए कपकोट में किराये के मकान में रह रहा है। परिवार में राकेश से बड़ी एक बहन भी है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और बालक की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story