स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश लेकर निकलीं एनएसएस की स्वयंसेविकाएं

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश लेकर निकलीं एनएसएस की स्वयंसेविकाएं


हरिद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। एसएमजेएन पी.जी. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता, जन-जागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित होकर स्वयंसेविकाओं और शिक्षिकाओं ने एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा और “प्लास्टिक हटाओदृपर्यावरण बचाओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के दौरान स्वयंसेविकाओं ने डॉ पद्मावती तनेजा के नेतृत्व में हरिद्वार की मेयर किरण जैसल से मुलाकात की। मेयर किरण जैसल ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वयं भी इस अभियान से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।

सामाजिक दायित्व निभाते हुए छात्राओं और शिक्षिकाओं ने निरंजनी अखाड़ा घाट तथा अमरापुर घाट पर सघन सफाई अभियान चलाया और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया।

शिविर के द्वितीय सत्र में छात्राओं के लिए मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया गया। संकल्प एसआरएचयू की प्रोजेक्ट रिसर्च वैज्ञानिक डॉ. शिवानी शर्मा ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए परामर्श और दवाइयां भी वितरित की गईं।

दिन का समापन गंगा तट पर दीपदान और भव्य गंगा आरती के साथ हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रचना गोस्वामी और विनीत कुमार ने सक्रिय सहयोग देते हुए अनुशासन व्यवस्था संभाली।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story