एनएसएस शिविर में गूंजा जल संरक्षण व अक्षय ऊर्जा का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
एनएसएस शिविर में गूंजा जल संरक्षण व अक्षय ऊर्जा का संदेश


हरिद्वार, 16 मार्च (हि.स.)। एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन विविध जन-जागरूकता, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। आजकल स्वयंसेवियों और शिक्षिकाओं ने कॉलेज द्वारा अधिग्रहित बैरागी कैंप क्षेत्र की बस्तियों का भ्रमण कर वहां के निवासियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में जल संरक्षण और अक्षय ऊर्जा पर विशेष व्याख्यान दिए गए। डॉ. पद्मावती तनेजा ने जल शक्ति अभियान और अटल भूजल योजना की जानकारी देते हुए वर्षा जल संचयन तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन पर बल दिया।

वहीं डॉ. पुनिता शर्मा ने अक्षय ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 500 गीगावॉट गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता हासिल करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री रूफटॉप सोलर योजना के तहत उपलब्ध 40 प्रतिशत सब्सिडी की जानकारी भी दी।

शिविर के विशेष सत्र में राष्ट्रीय कोच आरती सैनी ने छात्राओं को वुशु मार्शल आर्ट के माध्यम से आत्मरक्षा के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि अपनी सुरक्षा के लिए सबसे पहली आवश्यकता आत्मविश्वास और अपनी आवाज को बुलंद करना है।

स्वयंसेवियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम निर्णायक मंडल की सदस्य डॉ. पल्लवी राणा और डॉ. मीनाक्षी शर्मा द्वारा घोषित किए गए, जिसमें शिवानी ने प्रथम, तनु ने द्वितीय और ज्योति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मयूरी और वैभवी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती रचना गोस्वामी और विनीत कुमार का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story