हाउ टू बिकम ए गुड एंटरप्रेन्योर विषय पर व्याख्यान

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। बदलते समय में शिक्षा के स्वरूप और उसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए नई पीढ़ी को कौशल, साहस और नवाचार से जोड़ना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग में हाउ टू बिकम ए गुड एंटरप्रेन्योर, एक बेसिक गाइड विषय पर एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया।

मुख्य वक्ता के रूप में अमलेश सान्याल, प्लांट हेड, टी.ए.ए.पी. इंडिया, सिडकुल हरिद्वार ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उद्यमिता में सफलता पाने के लिए केवल शैक्षिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल, साहस, जोखिम लेने की क्षमता और नवीन सोच का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अपने विचारों को व्यवहार में लाने और अवसरों को पहचानने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. सीमा शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान छात्रों में व्यवहारिक ज्ञान बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार, डॉ. निधि हांडा, डॉ. रीतू अरोड़ा, डॉ. सगराम वर्मा, डॉ. ममता, डॉ. सुषमा, डॉ. हरदीप सहित अन्य शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजेन्द्र कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. हरेन्द्र कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story