डीपीएस दौलतपुर में सफलता और उत्कृष्टता का उत्सव

WhatsApp Channel Join Now
डीपीएस दौलतपुर में सफलता और उत्कृष्टता का उत्सव


हरिद्वार, 28 मार्च (हि.स.)। डीपीएस दौलतपुर में कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए आज वार्षिक परीक्षा परिणाम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित कर उनमें उत्कृष्टता की भावना को प्रोत्साहित करना था।

समारोह की शुरुआत विशिष्ट अतिथियों डॉ. रविन्द्र कुमार सैनी (प्रोफेसर एवं डीन, हरिद्वार यूनिवर्सिटी रुड़की), संचित सचदेवा (पुणे), डॉ. कुसुमलता एवं श्रीमती रजनी कुमारी के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

इस दौरान विद्यार्थियों को अधिकतम सहभागिता, उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, व्यवहार में सुधार, कक्षा मॉनिटर, पोजीशन होल्डर्स, शिक्षक प्रशंसा, विषय टॉपर और स्कॉलर सहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कक्षा 6 के जयवर्धन सिंह चौहान, कक्षा 7 की शाश्वती अरुश्रिका, कक्षा 8 की संचिता गुप्ता तथा कक्षा 9 की गौरवी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन विकास गोयल ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया, जबकि प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी व भविष्य में और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एकल व समूह नृत्य सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story