‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान में बारह हजार से अधिक छात्राें ने किया प्रतिभाग

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 22 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को पौड़ी जिले में विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिल रहा है। जिले के अब तक 12,405 छात्र-छात्राओं ने निबंध के माध्यम से उत्तराखण्ड के विकास को लेकर अपने सुझाव, विचार और भविष्य का विजन साझा किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा अंशुल बिष्ट ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 10 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था। ‘युवा विद्यार्थी मंथन संवाद’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के तीन लाख से अधिक विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें उत्तराखण्ड के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा करने के लिए प्रेरित किया।

अभियान में विद्यार्थियों को पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से रखने का अवसर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा और उपयोगी विचारों को राज्य की विकास योजनाओं में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत उत्कृष्ट निबंध लिखने वाले प्रदेश के 140 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है। निबंध अपलोड करने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों से अभियान में भाग लेने और अपने विचार साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कल्पनाएं और सुझाव आने वाले समय में ‘सपनों के उत्तराखण्ड’ की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story