सेब और कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को दिया तकनीकी प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 29 नवंबर (हि.स.)।जनपद में सेब एवं कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से राजकीय प्रजनन उद्यान, खाण्ड्यूसैंण में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में जनपद के 90 किसानों एवं विभागीय कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. वाईएस परमार विश्वविद्यालय, सोलन (हिमाचल प्रदेश) के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. जेएस चंदेल ने किसानों को सेब एवं कीवी की उन्नत बागवानी से जुड़ी व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी।

उन्होंने नए बगीचों की स्थापना, पौधों की उचित देखभाल एवं प्रबंधन, कटाई-छंटाई की वैज्ञानिक विधियों और पौधों में लगने वाले विभिन्न रोगों की पहचान और रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बेहतर गुणवत्ता एवं अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए अपनाई जाने वाली नवीनतम तकनीकों की जानकारी भी दी।

जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी ने कहा कि पौड़ी जनपद की जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियां सेब और कीवी उत्पादन के लिए अनुकूल संभावनाएं रखती हैं। इन फलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर फलोत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

बताया कि उद्यान विभाग द्वारा किसानों को सेब मिशन के तहत 60 प्रतिशत तथा कीवी मिशन के तहत 70 प्रतिशत राजसहायता प्रदान की जा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से किसान नए फलोद्यान स्थापित करने और बागवानी को व्यावसायिक गतिविधि के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित हो सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story