उत्तरा केयर हॉस्पिटल में विशेषज्ञ ओपीडी, 20 से अधिक मरीजों ने लिया परामर्श
पौड़ी गढ़वाल, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल में रविवार को हृदय, छाती एवं सांस रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय मैठाणी की विशेष ओपीडी आयोजित की गई। ओपीडी में पौड़ी और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 20 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच का लाभ लिया।
विशेष ओपीडी के दौरान लगातार खांसी, सांस फूलने, अस्थमा, फेफड़ों के संक्रमण, टीबी सहित फेफड़ों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के मरीजों की जांच की गई। इसके साथ ही हृदय रोगों की रोकथाम एवं उपचार को लेकर भी मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। डॉ. विजय मैठाणी ने मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक जांच, उपचार और सावधानियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से सांस संबंधी समस्याओं को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की। धूम्रपान से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के प्रति भी मरीजों को जागरूक किया गया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल में समय-समय पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पौड़ी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ परामर्श के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो रही है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष ओपीडी का आयोजन जारी रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

