दो साल पहले फंदे में फंसाकर मारा गुलदार, खाल बेचने से पहले तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दो साल पहले फंदे में फंसाकर मारा गुलदार, खाल बेचने से पहले तस्कर गिरफ्तार


पौड़ी गढ़वाल, 24 जुलाई (हि.स.)। सतपुली पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए गुलदार की खाल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने करीब दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। इसके बाद खाल निकालकर उसे घर में छिपा रखा और अब हरियाणा में बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने समय रहते दबिश देकर उसकी योजना पर पानी फेर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिलेभर में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सतपुली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पोखरी (दुधारखाल) निवासी एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है और वह उसे बेचने के लिए हरियाणा ले जाने वाला है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी पौड़ी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पोखरी में दबिश दी। तलाशी के दौरान संदीप कुमार धस्माना (39) के घर में रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। शिकार के बाद खाल निकालकर सुखाई और लंबे समय से उसे छिपाकर रखा था। वह किसी अच्छे खरीदार की तलाश में था और अब खाल को हरियाणा में बेचने की तैयारी कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story