पौड़ी में राजकीय शिक्षा संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन का शुभारंभ, सरकारी स्कूलों में घटती छात्र संख्या पर मंथन
पौड़ी गढ़वाल, 17 जुलाई (हि.स.)। राजकीय शिक्षा संघ उत्तराखंड के प्रांतीय द्विवार्षिक अधिवेशन एवं शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का शुक्रवार को पौड़ी में शुभारंभ हुआ। भौगोलिक दृष्टि से बड़े जिले को देखते हुए अधिवेशन का आयोजन पौड़ी मुख्यालय और कोटद्वार में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा प्रमेंद्र कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना और जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में सरकारी विद्यालयों में घटती छात्र संख्या और उसके समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने छात्र संख्या में कमी के लिए पलायन, विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की कमी, शिक्षकों की पदोन्नति में विलंब, रिक्त पदों पर नियुक्तियां न होना तथा शिक्षकों से शिक्षण के अतिरिक्त अन्य कार्य कराए जाने जैसे कारणों को जिम्मेदार बताया। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि प्रमेंद्र कुमार ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में योग्य शिक्षक कार्यरत हैं, जो शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि छात्र होंगे तभी विद्यालय, विभाग और व्यवस्था मजबूत होगी, इसलिए सभी को सकारात्मक ऊर्जा के साथ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना ने भी विषम परिस्थितियों में कार्य कर रहे शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। पहली बार संघ के सभी सदस्यों को मतदान का अधिकार दिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने मतदान केंद्रों के लिए निर्वाचन एवं मतदान अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। पौड़ी केंद्र पर पौड़ी, खिर्सू, थलीसैंण, पाबौ, कल्जीखाल, कोट और बीरोंखाल विकासखंडों के कुल 1,313 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतगणना के बाद परिणाम निदेशालय को भेजे जाएंगे, जबकि अंतिम परिणाम 19 जुलाई को देहरादून से घोषित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भवान सिंह नेगी, जिला संरक्षक मनोज कुमार काला, मंडल उपाध्यक्ष सुबोध कुमार नेगी सहित विभिन्न विकासखंडों के पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

