बस सुविधा की मांग से लेकर ईवीएम पर सवाल तक, कांग्रेस नेता अरुणा कुमार ने किया क्षेत्र भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
बस सुविधा की मांग से लेकर ईवीएम पर सवाल तक, कांग्रेस नेता अरुणा कुमार ने किया क्षेत्र भ्रमण


पौड़ी गढ़वाल, 19 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस नेत्री रुणा कुमार ने बाड़ा, पिसोली, देहलचौरी और सिंडी क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं को सुना। देहलचौरी में उन्होंने गब्बर सिंह राणा, राम सिंह, उत्तम सिंह, राजा जगपाल, केसर सिंह, कमल सिंह, सुबोध, सुभाष चंद्र समेत अन्य क्षेत्रवासियों से बातचीत की।

इस दौरान व्यापार संघ अध्यक्ष देहलचौरी कमल सिंह ने क्षेत्र में बस सुविधा का अभाव होने की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि नियमित बस सेवा नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अरुणा कुमार ने मौके से ही संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान की अपील की। इसके बाद कांग्रेस नेत्री ने पिसोली क्षेत्र का भ्रमण किया। यहां उन्होंने भवानी सिंह चौहान, सिद्धी लाल, सुनील कुमार, कुंवर सिंह बिष्ट, विनीता देवी, कमला देवी, शिखा देवी, गीता देवी, आरती देवी, भावना देवी समेत अन्य ग्रामीणों से मुलाकात की।

इस दौरान विनीता देवी ने मतदान व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि मतदान ईवीएम के बजाय वैध पेपर बैलेट के माध्यम से कराया जाना चाहिए। उन्होंने ईवीएम के माध्यम से डाले गए वोट को लेकर अपनी आशंका व्यक्त की। अरुणा कुमार ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने का भरोसा दिया। उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस के समर्थन की अपील करते हुए कहा कि इस बार क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए परिवर्तन के लिए आगे आएं। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, आवागमन और अन्य जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story