नशे के कारोबार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नशे के कारोबार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन


हल्द्वानी , 27 अगस्त (हि.स.)। शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और कथित तौर पर बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने नैनीताल जिले के एसएसपी मंजूनाथ टीसी पर सीधे निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जिले में दिन-रात नशे का कारोबार फल-फूल रहा है।

उन्होंने इसे गंभीर और निंदनीय स्थिति बताते हुए पुलिस से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस-प्रशासन को गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story