डॉ. सामंत को मिली राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी से वरिष्ठ विज्ञानी की फेलोशिप, कूटा ने जतायी खुशी
नैनीताल, 17 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र तथा हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान शिमला के पूर्व निदेशक डॉ. एसएस सामंत को राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी से अगले 5 वर्षों के लिये वरिष्ठ विज्ञानी के रूप में फेलोशिप प्राप्त हुई है, जिसके तहत वह उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में शोध करेंगे।
उन्होंने सोमवार को उत्तराखंड मुक्त विवि में अपने नये दायित्व का कार्यभार ग्रहण भी कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ और पूर्व छात्र प्रकोष्ठ ने उन्हें बधाई दी है।उल्लेखनीय है कि डॉ. सामंत राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी, रॉयल सोसाइटी ऑफ बायोलॉजी, लिनेन सोसाइटी और एथ्नोबोटेनिस्ट सोसाइटी के फेलो भी हैं तथा यूकॉस्ट में साइंटिस्ट एमेरिटस भी रह चुके हैं। उन्हें 13 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। उनके निर्देशन में 38 शोधार्थियों ने पीएचडी, 14 ने डीफिल तथा अनेक विद्यार्थियों ने एमएससी की शोध परियोजनाएं पूरी की हैं।
उन्होंने स्वयं 40 शोध परियोजनाएं पूर्ण की हैं और उनके 392 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। वह यूनाइटेड किंगडम, चीन, नेपाल और स्विट्जरलैंड की शैक्षणिक यात्राएं भी कर चुके हैं तथा उन्होंने हिमालयी क्षेत्र में जैव विविधता संरक्षण, प्रबंधन, पारिस्थितिकी, पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं और औषधीय पौधों पर व्यापक शोध किया है।
उनकी उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की ओर से प्रो. ललित तिवारी, डॉ. नीलू, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. शिवांगी, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. दीपिका गोस्वामी, डॉ. अशोक कुमार तथा पूर्व छात्र प्रकोष्ठ के डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. जीसी जोशी, डॉ. ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना पांडे और डॉ. रितेश साह ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

