सीएमओ ने स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण, आपात सेवाओं व साफ-सफाई पर दिया जोर
पौड़ी गढ़वाल, 26 सितंबर (हि.स.)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने जयहरीखाल, रिखणीखाल और नैनीडांडा विकासखंड के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, लेबर रूम, प्रसव सेवाओं, औषधि भंडार और साफ-सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए चिकित्सालयों में सभी कार्मिकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सर्जरी में उपयोग होने वाले उपकरणों को प्रतिदिन स्टेरलाइज करने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सीएमओ ने पीएचसी धुमाकोट में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता भी जांची और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, एचपीवी टीकाकरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने तथा परिवार नियोजन सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। रिखणीखाल में प्रसूता से फीडबैक लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की, जिस पर प्रसूता ने संतोष व्यक्त किया।
सीएमओ ने डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर समेत मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए पर्याप्त दवा उपलब्ध रखने और आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर आमजन को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ बौंठियाल, जिला एनसीडी कंसलटेंट श्वेता गुसाईं, कनिष्ठ अभियंता आयुष, कनिष्ठ सहायक अंकित भट्ट और विकास नेगी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

