डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को मिलेगा राजभाषा गौरव पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को मिलेगा राजभाषा गौरव पुरस्कार


नैनीताल, 04 सितंबर (हि.स.)। नगर के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और कुमाऊं विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी का केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्तर के राजभाषा गौरव पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। देशभर के 13 लेखकों में उत्तराखंड से डॉ. तिवारी एकमात्र चयनित लेखक हैं।

डॉ. तिवारी की पुस्तक “अतीत से वर्तमान तकः नैनीताल का सफर और गॉथिक राजभवन के निर्माण की अद्भुत गाथा” को राजभाषा गौरव पुरस्कार-2025 के अंतर्गत द्वितीय पुरस्कार दिया जाएगा। आगामी 14 सितंबर को मुंबई में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में गृह मंत्री अमित शाह उन्हें इस पुरस्कार के तहत प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और एक लाख रुपये की राशि प्रदान करेंगे। उल्लेखनीय है कि डॉ. तिवारी हिंदी लेखन और पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उनकी तीन पुस्तकें, दो दर्जन शोध पत्र और एक हजार से अधिक लेख प्रकाशित हो चुके हैं। उन्हें देश-विदेश की विभिन्न संस्थाओं से कई सम्मान मिल चुके हैं। उनकी उपलब्धि पर उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड के लिए गौरव बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story