सरस्वती विहार में मनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती
नैनीताल, 15 अप्रैल (हि.स.)। नगर के दुर्गापुर स्थित पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार में बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. माधव प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का व्यक्तित्व एवं कृतित्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए न केवल स्वयं को शिक्षित एवं सशक्त बनाया, बल्कि समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के माध्यम से डॉ. आंबेडकर ने देश को एक मजबूत, न्यायपूर्ण एवं समतामूलक आधार प्रदान किया। उनका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ना था। उनके विचार आज भी समानता, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 10 के विद्यार्थियों-मंथन यादव, रोहित गंगवार एवं दक्ष सिंह तोमर ने स्वरचित कविताएं प्रस्तुत कीं। पर्व गंगवार ने प्रेरक कहानी सुनाई, जबकि शुभ गुप्ता ने डॉ. आंबेडकर के विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने उनके जीवन, संघर्ष एवं योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10 के छात्र सिद्धांत ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

