'राजी भाषा एवं संस्कृति' पुस्तक का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
'राजी भाषा एवं संस्कृति' पुस्तक का लोकार्पण


देहरादून, 30 मार्च (हि.स.)। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र की ओर से उत्तराखंड की विलुप्तप्राय जनजाति ‘राजी’ (वनरावत) की भाषा और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित डॉ. शोभाराम शर्मा की पुस्तक ‘राजी भाषा एवं संस्कृति’ का लोकार्पण सोमवार को केंद्र के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने इसे हिमालयी भाषाओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दस्तावेज बताया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य में राजी जनजाति की आबादी लगभग 690 रह गई थी और उनकी भाषा विलुप्ति के कगार पर है। ऐसे में यह कृति न केवल एक भाषाई अध्ययन है, बल्कि एक प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का प्रयास भी है।

कार्यक्रम की शुरुआत 93 वर्षीय लेखक डॉ. शोभाराम शर्मा के वीडियो संदेश से हुई, जिसमें उन्होंने अपने शोध अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1955 से 1961 के बीच उन्होंने राजी समुदाय के बीच रहकर गहन अध्ययन किया और 1969 में आगरा विश्वविद्यालय से इस विषय पर पीएचडी प्राप्त की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मुख्य सचिव एवं पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त नृप सिंह नपल्च्याल ने पुस्तक को विलुप्तप्राय हिमालयी भाषाओं के अध्ययन की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि राजी भाषा के संरक्षण के लिए जनजाति के बच्चों को उनकी मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा दी जानी चाहिए।

मुख्य वक्ता के रूप में भाषाविद् डॉ. कविता रस्तोगी ने इसे देश में राजी भाषा पर किया गया पहला विस्तृत भाषावैज्ञानिक अध्ययन बताया। उन्होंने कहा कि यह शोध भविष्य में भाषाई विमर्श के नए आयाम खोल सकता है। वहीं, डॉ. कमला पंत ने इसे एक विलुप्त होती जनजाति की भाषा और संस्कृति को संरक्षित करने वाला ऐतिहासिक शोध दस्तावेज बताया।

इस अवसर पर डॉ. सुधारानी पाण्डेय, अनिल कार्की, डॉ. सुशील उपाध्याय, हयात सिंह रावत, राजेश सकलानी ऊषा नौडियाल रमाकांत बेंजवाल, महावीर रवाल्टां, सुधीर सिंह बिष्ट, डॉ. सुभाष थलेड़ी, बीना बेंजवाल, जितेन्द्र भारती, डॉ. लालता प्रसाद, सुंदर सिंह बिष्ट भगवान प्रसाद घिल्डियाल साहित अनेक साहित्यकार, भाषाविद, शोध छात्र, युवा पाठक व शहर के अन्य प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story