कोषागार में पेंशन अभिलेखों की लापरवाही पर डीएम नाराज

WhatsApp Channel Join Now
कोषागार में पेंशन अभिलेखों की लापरवाही पर डीएम नाराज


नई टिहरी, 25 नवंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने जिला कोषागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों, पत्रावलियों एवं अभिलेखों का अवलोकन कर कार्यालय की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जीवन प्रमाण पत्र जमा करने पहुंचे पेंशनर से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बुधवार को डीएम नितिका ने कोषागार कार्यालय में उपस्थिति पंजिका, बायोमेट्रिक उपस्थिति रिपोर्ट, पेंशन संबंधी पत्रावलियां, कार्य आवंटन पत्रावली, प्राप्ति एवं प्रेषण पंजिका, पीपीओ प्राप्ति पंजिका, पेंशन भुगतान पंजिका, पेंशन प्रकरणों की आपत्ति पंजिका तथा अन्य वित्तीय अभिलेखों का अवलोकन किया।

पेंशन संबंधी पत्रावलियों का उचित रख-रखाव न होने तथा फाइलों की सूचीकरण एवं लेबलिंग व्यवस्थित न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कार्मिकों की पेंशन स्वीकृत होने के बाद भी उनकी व्यक्तिगत सेवा पत्रावलियां कोषागार में रखे जाने पर नाराजगी जताई। पेंशन संबंधी प्रकरणों की नियमित निगरानी के लिए माहवार प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

कहा कि इससे पेंशन प्रकरणों की वास्तविक स्थिति और उनके निस्तारण की प्रगति का पता चल सकेगा। उन्होंने पेंशनरों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज पांडे, कोषाधिकारी अंजलि भारती, मुख्य वैयक्तिक सहायक चंदन शाह मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story