क्यार्द में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, पोषण और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
पौड़ी गढ़वाल, 29 सितंबर (हि.स.)। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड पाबौ के आंगनबाड़ी केंद्र क्यार्द में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र प्रसाद थपलियाल ने कहा कि छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और किशोरियों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार जरूरी है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी सब्जियां, फल, मोटे अनाज और दालों को भोजन में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार से बच्चों में कुपोषण और महिलाओं-किशोरियों में एनीमिया की समस्या को कम करने में मदद मिलती है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला ने नंदा गौरा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला पलाश और बाल पलाश सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में तीन पोषण किट और एक मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
जिला परिवीक्षा कार्यालय से प्रवीन कुमार ने वात्सल्य योजना और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1908 की जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर उत्तम सिंह बिष्ट, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुमति सहित प्रियंका, करिश्मा और कांति देवी मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

