सितंबर से शुरू होंगी जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं, अक्टूबर में राज्य स्तरीय बैडमिंटन

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले में शिक्षा विभाग की सत्र 2026-27 की जनपद एवं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें खिलाड़ियों के चयन, पात्रता प्रमाण पत्र, क्रीड़ा शुल्क, टीमों की व्यवस्था और प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य शिक्षाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए। प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक विशेष खेल की तैयारी कराने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में केवल पात्र खिलाड़ियों को ही प्रतिभाग कराया जाए और सभी प्रमाण पत्रों की अनिवार्य रूप से जांच की जाए। जनपद स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए विशेष तैयारी कराने के निर्देश भी दिए।

बालिका टीमों के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए दो महिला शिक्षिकाओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। महिला शारीरिक शिक्षिका उपलब्ध न होने पर अन्य महिला शिक्षिका को टीम के साथ भेजा जाएगा। खिलाड़ियों के साथ खेल प्रभारी की मौजूदगी भी अनिवार्य रहेगी।

बैठक में तय हुआ कि जनपदीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 9 से 12 सितंबर तक दुगड्डा, जबकि शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता 3 से 6 अक्टूबर तक पौड़ी में होगी। वहीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के समस्त बालक वर्ग के मुकाबले 22 से 24 अक्टूबर तक जिला क्रीड़ा प्रकोष्ठ पौड़ी में आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अंशुल बिष्ट, जिला क्रीड़ा समन्वयक योगम्बर सिंह नेगी, जिला क्रीड़ा सह समन्वयक राजीव सिंह रावत समेत विभिन्न विकासखंडों के ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story