स्थानांतरण पर जिला विकास अधिकारी को दी विदाई

WhatsApp Channel Join Now
स्थानांतरण पर जिला विकास अधिकारी को दी विदाई


पौड़ी गढ़वाल, 03 जुलाई (हि.स.)। जनपद से स्थानांतरित होकर रुद्रप्रयाग जनपद में नयी जिम्मेदारी संभालने जा रहीं जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर को शुक्रवार को विकास भवन सभागार में भावभीनी विदाई दी गयी।

समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल, कुशल नेतृत्व और विकास कार्यों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला विकास अधिकारी को नयी तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यनिष्ठा, सकारात्मक सोच और प्रशासनिक दक्षता जनपद के विकास कार्यों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान भी किया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि मनविंदर कौर ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को नई गति प्रदान की। उनका अनुशासित कार्य व्यवहार, सकारात्मक दृष्टिकोण और समन्वयात्मक कार्यशैली सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नयी तैनाती में भी वे अपनी कार्यकुशलता से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगी। जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने विदाई समारोह के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौड़ी में मिला सहयोग, स्नेह और आत्मीयता उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में विकास कार्यों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने में पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यही टीम भावना और समर्पण भविष्य में भी जनहित के कार्यों को नई गति प्रदान करेगा। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सरल व्यक्तित्व, कार्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी, जयहरीखाल रवि सैनी, द्वारीखाल जयकृत बिष्ट, एकेश्वर सौरभ हांडा आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story