नैनीताल जनपद में 14 स्थानों पर परखी गई राहत एवं बचाव की तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल जनपद में 14 स्थानों पर परखी गई राहत एवं बचाव की तैयारियां


नैनीताल, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में शनिवार को आपदा प्रबंधन दिवस पर नैनीताल जनपद की विभिन्न तहसीलों में 14 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गयी। इसमें भूकंप, अग्निकांड, सुरंगों में चट्टान टूटने, जलभराव, रासायनिक पदार्थों के रिसाव और भगदड़ जैसी संभावित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। विभिन्न विभागों एवं आपदा राहत एजेंसियों ने इसमें प्रतिभाग कर अपनी तैयारियां परखीं।

मॉक ड्रिल के दौरान जनपद मुख्यालय स्थित बीडी पांडे जिला चिकित्सालय में भूकंप, रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय रामनगर में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने, वॉक-वे मॉल हल्द्वानी में भूकंप के बाद अफरा-तफरी एवं अग्निकांड, जमरानी बांध में सुरंगों के भीतर चट्टान टूटने एवं जलभराव, पेपर मिल लालकुआं में रासायनिक पदार्थों के रिसाव तथा श्री कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ की परिस्थितियां बनाकर अभ्यास किया गया।

इसके अतिरिक्त राजकीय इंटर कॉलेज कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर तथा एचएन इंटर कॉलेज हल्द्वानी में भूकंप के बाद उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों का अभ्यास किया गया। संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान संचालित किये गये। इनमें पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, परिवहन एवं नगर निकायों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। अभ्यास में खोज एवं बचाव अभियान, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने, चिकित्सालय पहुंचाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा विभागों के बीच त्वरित समन्वय की तैयारियां परखी गयीं। विभिन्न स्थलों पर संचालित अभ्यास का मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सीधा प्रसारण कर निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण भी किया गया।

इसके माध्यम से व्यवस्थाओं, संसाधनों एवं विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने का आकलन किया गया। अभ्यास के बाद हुई समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि कोई भी व्यवस्था कभी पूरी तरह दोषरहित नहीं हो सकती और सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल में प्रतिक्रिया का समय अच्छा रहा, लेकिन वास्तविक आपदा के दौरान इसे और कम करने की आवश्यकता है ताकि प्रभावित व्यक्तियों तक तत्काल राहत पहुंचाकर उनका बचाव किया जा सके।

इस दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में पुलिस अधीक्षक-संचार रेवाधर मठपाल, उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story