नैनीताल रोपवे क्षेत्र में कल आपदा प्रबंधन पर मॉक अभ्यास

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल रोपवे क्षेत्र में कल आपदा प्रबंधन पर मॉक अभ्यास


नैनीताल, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार नैनीताल के मल्लीताल स्थित रोपवे क्षेत्र में शुक्रवार 17 अप्रैल को पूर्वाह्न 9.30 बजे से आपदा प्रबंधन का मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, अग्निशमन सेवा, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न एजेंसियां प्रतिभाग करेंगी।

अभ्यास के दौरान रोपवे बंद होने अथवा दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की कार्यप्रणाली का पूर्वाभ्यास किया जाएगा, जिससे वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस संबंध में पूर्व गुरुवार को आयोजित वर्चुअल बैठक में सभी संबंधित विभागों ने भाग लेकर योजना को अंतिम रूप दिया।

एनडीआरएफ के कमांडिंग अधिकारी डॉ. राजेंद्र जोशी ने सभी एजेंसियों को आवश्यक उपकरणों सहित समय पर उपस्थित रहने तथा मॉक अभ्यास को प्रभावी ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए। बताया गया कि अभ्यास में आपदा मित्र एवं स्वयंसेवक भी सहभागिता करेंगे, जिससे सामुदायिक स्तर पर आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story