निदेशक मारपीट प्रकरण: भाजपा करेगी विधायक से जवाब-तलब, घटना की निंदा
देहरादून, 21 फरवरी (हि.स.)। राजधानी देहरादून में एक शिक्षा अधिकारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद शिक्षा विभाग में आक्रोश का माहौल है और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि मामले में आरोपित विधायक से जवाब-तलब किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार किसी प्रशासनिक विषय को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने शिक्षा अधिकारी के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित अधिकारी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने एक जारी बयान में कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार की अराजकता और हिंसा के खिलाफ है। जनसमस्याओं को उठाना अलग विषय है, लेकिन कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए रायपुर विधायक उमेश काऊ से शीघ्र स्पष्टीकरण मांगेगी और उन परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी लेगी, जिनके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कानून अपना कार्य करेगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी संगठन कानूनी कार्रवाई के पक्ष में है।उन्होंने शिक्षक समुदाय से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार का विवाद छात्रों के भविष्य को प्रभावित न करे। सभी पक्षों को विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदारी से कार्य करना चाहिए।
उधर, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच जारी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

