वैशाख अमावस्या पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
वैशाख अमावस्या पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब, गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शुक्रवार सुबह से ही हर की पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाकर धर्मलाभ अर्जित किया।

श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के उपरांत मंदिरों में पहुंचकर देवदर्शन किए और दान-पुण्य के कार्य संपन्न किए। इस दौरान नारायणी शिला पर पितरों की शांति और मोक्ष की कामना से नारायण बलि, पिंडदान और तर्पण जैसे धार्मिक अनुष्ठान बड़ी संख्या में संपन्न हुए। अमावस्या के दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व माना जाता है, जिसके चलते श्रद्धालुओं ने अन्न, वस्त्र और धन का दान कर पुण्य अर्जित किया। वहीं विभिन्न आश्रमों और अखाड़ों में भी विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

इसी दिन से विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा का शुभारंभ भी हो गया, जिससे तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा देखने को मिला। हरिद्वार में पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story