भागवत श्रवण से मनुष्य का सर्वांगीण कल्याण: महंत विष्णु

WhatsApp Channel Join Now
भागवत श्रवण से मनुष्य का सर्वांगीण कल्याण: महंत विष्णु


हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। साकेतवासी श्रीमहंत नृसिंह दास महाराज ढेरियावाले की 21वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित 21वां गुरु स्मृति महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ शनिवार को सेवा समिति भवन में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम का संयोजन श्रीमहंत बिष्णु दास महाराज के नेतृत्व में किया जा रहा है। कथा व्यास चिन्मयानंद बापू द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जा रहा है।

इस अवसर पर श्री गुरूसवेक निवास उछाली आश्रम के परमाध्यक्ष श्रीमहंत बिष्णु दास महाराज ने कहा कि सद्गुरु के प्रति श्रद्धा और समर्पण की अभिव्यक्ति स्वरूप इस ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरु का सानिध्य जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है, उनकी कृपा से ही मन में भक्ति और शांति का प्रकाश होता है।

महंत विष्णु दास महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत श्रवण से मनुष्य का सर्वांगीण कल्याण होता है। कथा सुनने से मन निर्मल होता है, जन्म-जन्मांतर के विकार नष्ट होते हैं और जीव को मुक्ति की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य संसार में रहते हुए भी हरि स्मरण के माध्यम से पापों से मुक्त होकर श्रेष्ठ जीवन जीना है।

इससे पूर्व बिड़ला घाट से सेवा समिति भवन तक महंत बिष्णु दास महाराज की अगुवाई में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के पश्चात कथा व्यास चिन्मयानंद बापूजी ने कथा के प्रथम दिवस का श्रवण कराया।

कार्यक्रम में चांद, बृजमोहन सेठ, श्वेता, नितिन सेठ, वंदना, भव्य, अनिरुद्ध, पुनीत दास, अधिकारी राघवेंद्र दास, अमन दास, रामचंद्र दास, गणेश, शालीग्राम, अमर दास, गौरव आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story