मुख्यमंत्री धामी ने मौसम अलर्ट के मद्देनजर अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी ने मौसम अलर्ट के मद्देनजर अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश


देहरादून, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और राहत-बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जनपदों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है।

मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित रखने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर यातायात नियंत्रित करने तथा सड़क बाधित होने पर संबंधित विभागों को तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई करने को कहा है।

उन्होंने जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। राजस्व, ग्राम्य विकास और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहने तथा पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते एहतियाती कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769179 Articles

Share this story